प्रदेश में बह रही है विकास की गंगा, हर क्षेत्र और वर्ग को मिल रहा लाभ- स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी
–स्वास्थ्य मंत्री ने कहुला को नौ करोड़ 57 लाख रू के विकास कार्यो की दी सौगात
–कहुला में 35 लाख रू लागत के सामुदायिक भवन और 922 लाख रू लागत के कहुला-महुना-मेहगवां मार्ग का किया शिलान्यास
रायसेन,उमेश चौबे । विकास पर्व के तहत स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा गैरतगंज जनपद के ग्राम कहूला में आयोजित कार्यक्रम का कन्यापूजन और दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने ग्राम कहुला में 35 लाख रु लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही ग्राम कहुला से ग्राम महुना होते हुए ग्राम मेहगवां तक 922 लाख रु लागत के बीटी सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा तेजी से विकास के कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है, जिससे हर क्षेत्र और हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। कुछ महीनों पहले ही मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान कहुला आए थे और लगभग 300 करोड़ रू से अधिक लागत के कार्यो की घोषणा की गई थी, जिनमें से अधिकांश कार्य स्वीकृत हो गए हैं और बाकी प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने कहा कि आज यहां नौ करोड़ 22 लाख रू लागत के सड़क मार्ग का शिलान्यास किया गया है, जल्द ही यह मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। जिसका लाभ आसपास के अनेक गॉव के लोगों को मिलेगा। इसके अलावा सामुदायिक भवन का भी शिलान्यास किया गया है। यह गैरतगंज विकासखण्ड का सबसे बड़ा सामुदायिक भवन हैं। यहां धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम सुगमता से हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। कहुला में ही 537 महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। इसी प्रकार 254 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंषन और 444 किसानों को किसान सम्मान निधि और किसान कल्याण योजना का लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यो का उल्लेख करते हुए कहा कि रजपुरा में तीन करोड़ 06 लाख रू से अधिक लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाया जाएगा। सोडरपुर, हरदौट, समनापुर, अंधियारी, गढ़ी, चांदपुर में भी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत किया गया। इनके अलावा बाढ़ेर, हिनोतिया में भी नवीन उपस्वास्थ्य केन्द्र खोले गए। इनके अलावा नगरों, कस्बों में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गॉव हो या शहर, हर जगह स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिससे कि मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिले, उन्हें अधिक दूर ना जाना पड़े। इसके अलावा सड़कों, पुलों का भी निर्माण कराया गया है, जिससे कि आवागमन में असुविधा ना हो।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह सदैव काम कर रहे हैं। गत वर्ष हिनोतिया खालसा में लगभग 50 करोड़ रू की सिंचाई परियोजना स्वीकृत की गई, जिसका भूमिपूजन हो गया है। इसके बन जाने से किसानों को सुविधा होगी और पेयजल के लिए भी पानी मिलेगा। इसी प्रकार टेकापार में पांच करोड़ रू लागत का तालाब बनाया गया है। इनके अलावा मदनपुर, बेजना, सईदपुर, कहुला डेम भी बनाए जाएंगे। इनकी कार्यवाही चल रही है। उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे अन्य विकास कार्यो का भी उल्लेख किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि सरकार द्वारा 16 जुलाई से 14 अगस्त तक विकास पर्व मनाया जा रहा है जिसमें नवीन विकास कार्यो का भूमिपूजन, षिलान्यास किया जा रहा है और जो विकास कार्य पूर्ण हो गए हैं उनका लोकार्पण किया जा रहा है। विकास पर्व का उद्देश्य विभिन्न निर्माण कार्यो, विकास कार्यो तथा सरकार की जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूक योजनाओं को प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विजय पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष जिगनेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ